भारी बारिश ने उजाड़ दी किसान की गृहस्थी,भरभराकर गिरा मकान
मोहनलालगंज,लखनऊ : मोहनलालगंज विकासखंड क्षेत्र के रामपुर डीघारी गांव में भारी बारिश एक किसान परिवार के लिए आफत बन गई। लगातार बारिश के चलते किसान रुपेश पाल पुत्र जगतपाल का मकान अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। मकान गिरने से कमरे में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन समेत गृहस्थी का अन्य सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाकर सामान निकालने का प्रयास किया। लेकिन मकान के मलबे में दबने से काफी सामान खराब हो चुका था। पीड़ित परिवार के मुताबिक मकान गिरने से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है और उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।वहीं, रुपेश पाल के मकान से सटे विमल सिंह पुत्र अनिल सिंह के मकान की कमरे की दीवार भी इस हादसे की चपेट में आकर गिर गई। दीवार गिरने से कमरे में रखा फ्रिज समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मलबे में दबकर खराब हो गए। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना के बाद भी नहीं पहुंचा राजस्व अमला
पीड़ित परिवार ने घटना की जानकारी तत्काल एसडीएम मोहनलालगंज और क्षेत्रीय लेखपाल को दी। परिवार को उम्मीद थी कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेगी और क्षति का आकलन कर नियमानुसार राहत एवं आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई करेगी।आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद पूरा दिन बीत गया, लेकिन कोई राजस्व कर्मचारी अथवा संबंधित विभाग का अधिकारी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार का हाल जानने नहीं पहुंचा। इससे परिवार में नाराजगी व्याप्त है।
जनप्रतिनिधियों के न पहुंचने से भी नाराजगी
पीड़ित परिवार का कहना है कि हादसे के बाद उन्हें प्रशासनिक मदद की उम्मीद थी, लेकिन न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही क्षेत्र का कोई जनप्रतिनिधि या स्थानीय नेता उनका हाल जानने पहुंचा। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन कराने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने बारिश को देखते हुए क्षेत्र में जर्जर और कमजोर मकानों का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रिपोर्टर : धीरज

No Previous Comments found.