बारिश ने चरमराई विद्युत व्यवस्था, पचास गांवों में हाहाकार

मोहनलालगंज/लखनऊ : मोहनलालगंज, निगोहां और नगराम क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के चलते जहां कई जगह जलभराव और आवागमन की समस्या बनी हुई है, वहीं विद्युत व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। क्षेत्र के करीब पचास गांवों में बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित होने से ग्रामीणों में हाहाकार मचा हुआ है। कई गांवों में पिछले करीब 72 घंटे से बिजली गुल है।लगातार बारिश के कारण जगह-जगह बिजली के खंभे, तार और विद्युत लाइनें प्रभावित होने से आपूर्ति बाधित हुई है। लंबे समय से बिजली न आने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल फोन चार्ज करने से लेकर पेयजल की व्यवस्था तक प्रभावित हो गई है। जिन गांवों में विद्युत मोटर के जरिए पानी की आपूर्ति होती है, वहां लोगों के सामने पेयजल का संकट भी खड़ा हो गया है।

घरों में अंधेरा, मोबाइल और जरूरी उपकरण बंद

तीन दिन से लगातार बिजली बाधित रहने के कारण ग्रामीणों के घरों में अंधेरा पसरा हुआ है। इनवर्टर और बैटरी भी लंबे समय तक चलने के बाद जवाब दे चुके हैं। मोबाइल फोन बंद होने से लोगों का अपने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क करना भी मुश्किल हो रहा है। बारिश के बीच बिजली आपूर्ति ठप होने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के बीच बिजली विभाग की ओर से फाल्ट ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कई स्थानों पर जलभराव और खराब मौसम के कारण विद्युत कर्मचारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद ग्रामीण जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग कर रहे हैं।
मोहनलालगंज, निगोहां और नगराम क्षेत्र के दर्जनों गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से करीब पांच लाख की आबादी प्रभावित होने का दावा किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक लगातार बारिश के कारण पहले से ही सड़कें और रास्ते प्रभावित हैं, ऐसे में बिजली गुल होने से समस्याएं और बढ़ गई हैं।बारिश के कारण खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। वहीं बिजली न होने से नलकूप और अन्य सिंचाई साधन भी प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से युद्धस्तर पर अभियान चलाकर खराब लाइनों और फाल्ट को दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और बिजली व्यवस्था जल्द बहाल नहीं हुई तो पेयजल, संचार और दैनिक जरूरतों से जुड़ी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.