कैसरबाग में जानलेवा हमले के 3 आरोपी गिरफ्तार, लोहे की राड-पाना बरामद

लखनऊ : पश्चिमी जोन की कैसरबाग पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त लोहे की राड और पाना भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 10 सितंबर 2026 को मोहम्मद अनस निवासी तेलीबाग ने तहरीर दी थी कि तीन अज्ञात लोगों ने उन पर जानलेवा हमला किया था, जिस पर थाना कैसरबाग में मुकदमा संख्या 159/2026 धारा 109 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।

आज 26 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बालाकदर रोड स्थित मार्ग प्रकाश विभाग की बिल्डिंग के पास घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मो. अरशद (20), मो. रहमान (32) और जिशान (23) निवासी जनपद अमेठी के रूप में हुई। वादी ने मौके पर पहुंचकर तीनों की पहचान हमलावरों के रूप में की।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें मुख्य साजिशकर्ता रौनित उर्फ शुभम निवासी अमेठी ने पैसे का लालच देकर हमले के लिए तैयार किया था। उसके कहने पर स्विफ्ट कार से फार्च्यूनर का पीछा कर तेलीबाग से कैसरबाग आए और मार्ग प्रकाश विभाग की बिल्डिंग के बाहर वादी पर राड-पाना और लात-घूंसों से हमला किया। घटना के बाद आरोपी अजमेर शरीफ भाग गए थे।

तीनों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। फरार मुख्य आरोपी रौनित उर्फ शुभम की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.