कृष्णानगर में महिला हत्याकांड का खुलासा, 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल

लखनऊ : कृष्णानगर थाना क्षेत्र के बाराविरवा मानसरोवर मार्केट में युवती की नृशंस हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी दक्षिणी मो० मुश्ताक के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।

बीते 15 सितंबर को नारायणपुरी निवासी रेखा सिंह ने तहरीर दी थी कि उनकी बेटी राधा की मानसरोवर मार्केट में  ईंट-पत्थरों से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई है। इस हत्याकांड में भोला नाम के युवक का नाम सामने आया था। वादिनी की तहरीर के आधार पर थाना कृष्णानगर में मुकदमा संख्या 391/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर हत्यारे की तलाश शुरू कर दी गई थी।

इस हत्याकांड के खुलासे के लिए कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं थीं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के 150 से 170 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर हत्यारोपी की पहचान कर ली थी और पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी में जुटी हुई थी। इसी क्रम में बीती देर रात मुखबिर की सूचना पर डूडा कॉलोनी, आशाराम बापू मार्ग, विजयनगर में पुलिस टीम द्वारा एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।

घायल की पहचान भोला राजपूत (22) पुत्र बाबूलाल निवासी नदौहा, थाना सोहरामऊ, उन्नाव के रूप में हुई है जो चाचा देती हत्याकांड का आरोपी था। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। घायल को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ मोहम्मद मुस्ताक, एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली बसंथ कुमार सहित एसीपी कृष्णा नगर अभिषेक पांडेय ने मौके पर पहुंच कर मुठभेड़ स्थल का जायजा लिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए।

रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.