पारिवारिक कलह में बहू ने सास-ससुर पर फेंका खौलता पानी, बुजुर्ग दंपति झुलसे

लखनऊ :  कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक बहू ने सास-ससुर पर खौलता हुआ गर्म पानी फेंक दिया, जिससे बुजुर्ग दंपति गंभीर रूप से झुलस गए। पीड़ित दंपति के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना भोला खेड़ा चौकी अंतर्गत कनौसी की है। कनौसी निवासी आशीष कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे घर में पारिवारिक विवाद हो रहा था। इसी दौरान उनकी पत्नी भावना कुमारी ने गुस्से में आकर उनके माता-पिता पर खौलता हुआ गर्म पानी फेंक दिया। गर्म पानी गिरने से दोनों बुजुर्ग गंभीर रूप से जल गए। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। आशीष का आरोप है कि इतना ही नहीं, उनकी पत्नी इसके बाद भी गाली-गलौज कर रही है और सास-ससुर को जान से मारने की धमकी दे रही है। कृष्णानगर पुलिस के अनुसार पीड़ित के बेटे की लिखित शिकायत पर आरोपी बहू भावना कुमारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।


 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.