सर्विस के दौरान रॉयल एनफील्ड के ओरिजिनल पार्ट्स चोरी, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
लखनऊ : आलमबाग कोतवाली क्षेत्र में रॉयल एनफील्ड बाइक की सर्विस के दौरान ओरिजिनल कार्बोरेटर और मास्टर सिलेंडर चोरी करने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर आलमबाग पुलिस ने निजी ऑटो कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। भदेवा बाजार खाला निवासी लोकेंद्र कुमार गुप्ता पुत्र स्व. अवध बिहारी गुप्ता के अनुसार उन्होंने 8 अगस्त को अपनी रॉयल एनफील्ड बाइक नियमित सर्विस के लिए टेढ़ी पुलिया आदर्शनगर स्थित श्रेया ऑटोवर्ल्ड प्रा. लि. में दी थी। आरोप है कि सर्विस के बाद कंपनी ने 9,580.82 रुपये का बिल और 1,400 रुपये तीन एडवांस सर्विस के नाम पर उनके पुत्र के खाते से ले लिए। पीड़ित का आरोप है कि 9 अगस्त को बाइक लेने पहुंचे तो बाइक स्टार्ट नहीं हुई। जांच करने पर पता चला कि वर्कशॉप कर्मचारियों ने बाइक का ओरिजिनल कार्बोरेटर और ब्रेक मास्टर सिलेंडर निकालकर दूसरी कंपनी के पुराने पार्ट्स लगा दिए हैं। पूछने पर कर्मचारियों ने बहानेबाजी की और अभद्र भाषा में धमकी दी। बाइक अभी भी वर्कशॉप में खड़ी है। पीड़ित ने 3 सितंबर को पुलिस आयुक्त को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। इस संबंध में आलमबाग कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ चोरी व धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.