शारीरिक अक्षमता छिपा कर रचाया विवाह, विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

लखनऊ :  आशियाना थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर पति की शारीरिक अक्षमता छिपाकर धोखे से विवाह रचाने और दहेज के लिए प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आशियाना के सेक्टर-एच, एलडीए कॉलोनी निवासी सुरभि विश्वकर्मा पुत्री अनिल विश्वकर्मा के अनुसार उसका विवाह 4 दिसंबर 2024 को कानपुर रोड स्थित एक निजी लॉन में शिवाजीपुरम, इंदिरानगर निवासी ओमकार वनवासी पुत्र स्व. बीआर वनवासी के साथ हुआ था। विवाह में परिजनों ने 7 लाख रुपये नकद, बुलेट व जेवरात समेत करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे।

पीड़िता का आरोप है कि विदाई के बाद से पति एक भी रात साथ नहीं सोया और शारीरिक संबंध नहीं बनाया। पूछने पर टाल-मटोल करता रहा। धीरे-धीरे पति ओमकार, सास सुशीला वनवासी, ननद सपना, ज्योति और नंदोई उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि जनवरी 2025 में पति और सास ने कहा कि समाज में शादी दिख गई है, अब तलाक लेकर चली जाओ, वरना आग लगाकर मार देंगे।

पीड़िता ने बताया कि ससुराल पक्ष ने सरकारी नौकरी का हवाला देकर 10 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की और कहा कि जब तक पैसा नहीं आएगा, पति रिश्ता नहीं रखेगा। मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर 4 जून 2026 की रात उसने भाई और पिता को मैसेज किया। 5 जून को परिजन पुलिस के साथ ससुराल पहुंचे, जिसके बाद वह स्त्रीधन छोड़कर मायके आ गई। दोनों पक्षों में मीडिएशन फेल होने के बाद उसने आशियाना थाने में शिकायत दी। इस संबंध में आशियाना थाना प्रभारी गजेन्द्र राय ने बताया कि पीड़ित विवाहिता की तहरीर पर पति समेत ससुरालियों के खिलाफ शारीरिक-मानसिक उत्पीड़न, धमकी और दहेज की धाराओं में सोमवार को मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

 रिपोर्टर :  राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.