कूटरचित दस्तावेज से संस्था पर कब्जे का आरोप, एक गिरफ्तार
लखनऊ : निगोहां पुलिस ने दस्तावेजों में कूटरचना और धोखाधड़ी कर शिक्षण संस्था पर कब्जा करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर दक्षिणी जोन में चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी दक्षिणी मो० मुश्ताक के निर्देशन में थाना निगोहां पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2026 को वादिनी जॉली अब्राहम पत्नी स्व. अब्राहम मैनेथ, निवासी शहीद नगर कॉलोनी ने तहरीर दी थी कि विपक्षियों ने दस्तावेजों में कूटरचना, फर्जी हस्ताक्षर, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र कर उनकी संस्था पर कब्जा कर लिया है। तहरीर के आधार पर थाना निगोहां में फिनि मैथ्यूस, रोहित सिंह, रमेश कुमार उड़कुड़ी हरिनखेड़े, श्वेता शुक्ला, अनिल रोनाल्ड तिर्की व अन्य अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गईं। तकनीकी व मैनुअल साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अभियुक्त अनिल रोनाल्ड तिर्की पुत्र विलियम तिर्की, निवासी निकट डॉन बोस्को टेक्निकल इंस्टिट्यूट, करुनल्या, मोहनलालगंज, उम्र 38 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक रियलमी मोबाइल बरामद हुआ है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि एम एजुकेशनल सोसाइटी के अध्यक्ष अब्राहम मैनेथ की मृत्यु के बाद सभी ने मिलकर संस्था और उससे संचालित एम इंटरनेशनल स्कूल पर कब्जा करने की योजना बनाई। कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अपने लोगों को नियुक्त किया और सोची-समझी साजिश के तहत जॉली अब्राहम और उनके बेटे एबी को संस्था से बाहर निकाल दिया। इसके बाद संस्था और स्कूल पर कब्जा कर लाभ अर्जित करने लगे।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त से कड़ी पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई के तहत संबंधित मुकदमे में जेल भेज दिया है। वहीं फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर : धीरज तिवारी

No Previous Comments found.