फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेज तैयार कर संस्था से संचालकों को बाहर करने का आरोप, एक गिरफ्तार
लखनऊ - दस्तावेजों में कूटरचना, फर्जी हस्ताक्षर और धोखाधड़ी के मामले में निगोहां पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी समेत अन्य लोगों पर संस्था और उससे संचालित स्कूल पर कब्जा करने के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस के अनुसार बीते 24 सितंबर को शहीद नगर कॉलोनी निवासी जॉली अब्राहम पत्नी स्वर्गीय अब्राहम मैनेथ ने निगोहां थाने में तहरीर देकर दस्तावेजों में कूटरचना, फर्जी हस्ताक्षर, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में फिनि मैथ्यूस, रोहित सिंह, रमेश कुमार उड़कुड़ी हरिनखेड़े, श्वेता शुक्ला,अनिल रोनाल्ड तिर्की समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीसीपी मो मुश्ताक के निर्देशन में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस के मुताबिक तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों तथा स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से अनिल रोनाल्ड तिर्की मोहनलालगंज के करुनालय के पास गिरफ्तार किया गया। निगोहां पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि एम एजुकेशनल सोसाइटी के अध्यक्ष अब्राहम मैनेथ की मृत्यु के बाद संस्था और उससे संचालित एम इंटरनेशनल स्कूल पर कब्जा करने की योजना बनाई गई। आरोप है कि इसके तहत कूटरचित दस्तावेज तैयार कर संस्था में अपने लोगों को नियुक्त किया गया और जॉली अब्राहम तथा उनके बेटे एबी को संस्था से बाहर कर दिया गया। इसके बाद संस्था और स्कूल का संचालन अपने नियंत्रण में लेकर लाभ अर्जित करने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर - धीरज तिवारी

No Previous Comments found.