बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, लैपटॉप और पायल बरामद
लखनऊ : थाना आशियाना पुलिस टीम ने बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से चोरी का एक लैपटॉप (चार्जर सहित) और सफेद धातु की एक जोड़ी पायल बरामद की है।
क्या था पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, वादिनी आशा सिंह (निवासी नवाबगंज, उन्नाव), जो वर्तमान में सेक्टर-एच, एलडीए कालोनी, आशियाना में किराये के मकान में रहती हैं, रक्षाबंधन पर अपने गांव उन्नाव गई थीं। जब वह वापस लौटीं तो मकान का ताला टूटा हुआ था और सामान गायब था। इस संबंध में वादिनी की तहरीर पर थाना आशियाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम इस चोरी के खुलासे में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
घटना के अनावरण में जुटी पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन और मुखबिर खास की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 30 सितंबर को शाम करीब 7:00 बजे देवीखेड़ा से ईको गार्डेन जाने वाले मार्ग से अभियुक्त को धर दबोचा।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान
गिरफ्तार किए गये अभियुक्त की पहचान अखिल कुमार (19 वर्ष) पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। जो कि 570/26, भारत पेट्रोलियम के सामने, पकरी पुल, थाना आशियाना क्षेत्र लखनऊ का निवासी है।
पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया अभियुक्त शातिर किस्म का चोर है और पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना आशियाना में पहले से भी मुकदमे पंजीकृत हैं।
बरामदगी
आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र कुमार राय ने बताया कि अभियुक्त के कब्जे से एक अदद लैपटॉप, एक चार्जर एवं एक जोड़ी सफेद धातु की पायल बरामद की गयी है।
पुलिस टीम
अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र कुमार राय, उपनिरीक्षक शिव प्रकाश सिंह, उ०नि० अभिषेक कुमार, उ०नि० प्रतीक सिंह, उ०नि० मनीष सिंह, उ०नि० राम किशन गिल तथा कांस्टेबल चालक अनिल कुमार शामिल रहे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.