विद्यावती वार्ड द्वितीय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, किया श्रमदान

लखनऊ :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में मनाए जा रहे सेवा एवं संकल्प पखवाड़े के तहत गुरुवार को सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र के विद्यावती वार्ड द्वितीय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। नगर निगम जोन-8 क्षेत्र में आयोजित अभियान में स्थानीय पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सहभागिता की। मंडल उपाध्यक्ष सरोजनी नगर दक्षिण द्वितीय अशोक कुमार चौधरी तथा भाजपा महानगर सह मीडिया प्रभारी उमेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह जमा कूड़े-कचरे को हटाने के साथ नाले-नालियों के किनारे उगी घास और झाड़ियों की भी सफाई की गई। जोनल पार्क के सामने विशेष रूप से वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्थानीय पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वयं फावड़ा चलाकर और झाड़ू लगाकर सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया। अभियान में नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। नियमित सफाई के साथ नागरिकों को भी अपने आसपास गंदगी न फैलाने और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेना चाहिए।

रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.