राशन सामग्री वितरित कर राहत-बचाव कार्यों का लिया जायजा, कहा जल्द ही होगा समस्या का समाधान
लखनऊ : गोमती नदी में जलस्तर के बढ़ने के कारण फैजुल्लागंज क्षेत्र के दाऊदनगर और मामा कॉलोनी एवं आसपास क्षेत्र में बने बाढ़ जैसे हालात के बीच लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा एवं विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ नाव से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने घर-घर पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। उल्लेखनीय है, कि पिछले कई दिनों से गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण फैजुल्लागंज के नदी किनारे बसे दाऊदनगर, मामा कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
विधायक डॉ. नीरज बोरा ने मामा कॉलोनी पहुंचकर प्रभावित लोगों को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा निशुल्क दिए जाने वाले राशन सामग्री किट वितरित की। किट में अरहर की दाल, भुना चना,लईया, बिस्कुट के पैकेट,माचिस, मोमबत्ती, चीनी, चावल, आटा,नमक, सरसों का तेल, रिफाइंड, मसाले, आलू, प्याज जैसी आवश्यक चीजें शामिल हैं। इसके अलावा सेनेटरी पैड, सूती कपड़ा, नहाने एवं कपड़ा धोने वाला साबुन, डिस्पोजल बैग बाल्टी भी पीड़ितों को उपलब्ध कराई गई। उन्होंने चिकित्सा सुविधा के बारे में भी लोगों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं के अनुसार राहत एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर निरंतर तत्परता बनाए रखने को कहा। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
डॉ. बोरा ने कहा कि फैजुल्लागंज में बार-बार होने वाले जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए सरकार ने मामले को संज्ञान में लिया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा आईआईएम रोड से हार्डिंग ब्रिज(पक्का पुल) तक बांध निर्माण के लिए लगभग 182 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
विधायक ने कहा कि उन्होंने भी मुख्यमंत्री से फैजुल्लागंज के प्रभावित एवं नदी किनारे बसे लोगों की समस्याओं को देखते हुए बांध निर्माण की प्रक्रिया में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को बार-बार बाढ़ और जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।
इस दौरान रक्षा मंत्री भारत सरकार राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, एडीएम राकेश कुमार सिंह, एडीएम एमपी सिंह, उप जिलाधिकारी सदर साहिल कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

No Previous Comments found.