बाइक से गांजे की खेप लेकर निकले थे तस्कर, पुलिस ने दबोचा
लखनऊ : नगराम पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 7 किलो 288 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के पास से 2100 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त प्लेटिना बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने लखनऊ और आसपास के जिलों से गांजा लाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की बात कबूल की है।पुलिस के मुताबिक सोमवार को नगराम पुलिस हरदोइया बैराज से नहर पटरी रोड पर चन्दीदीन घोड़सारा गांव के पास संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यूपी 41 बीएच 4129 नंबर की प्लेटिना बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की और बाइक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद होते ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी बाहर से गांजा मंगाकर उसे छोटी-छोटी पुड़िया में तैयार करते थे। इसके बाद क्षेत्र में इसकी बिक्री की जाती थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से खरीदते थे और इस अवैध कारोबार से जुड़े उनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगराम के करोरा निवासी आकाश कुमार गौतम और बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद निवासी अंकुश कुमार कोरी उर्फ नवीन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस------
भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस अब आरोपियों से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। पूछताछ के आधार पर गांजे की खरीद-फरोख्त के ठिकानों और इस धंधे में जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्टर : धीरज

No Previous Comments found.