घरेलू कलह में हत्यारा बना होमगार्ड, केबल से गला घोंट पत्नी-बेटी की हत्या; थाने पहुंचकर किया सरेंडर
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र के भोला खेड़ा मोहल्ले में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घरेलू कलह से परेशान 58 वर्षीय होमगार्ड रविंद्र शंकर गुप्ता ने कथित तौर पर डाटा केबल के तार से अपनी पत्नी श्याम दुलारी और बड़ी बेटी पूजा साहू का गला घोंटकर हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी और कृष्णानगर थाने पहुंचकर वारदात कबूल कर ली। एक ही घर में दो हत्याओं की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। छोटी बेटी की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, भोला खेड़ा स्थित मकान नंबर 555/ख-163 में रहने वाले होमगार्ड रविंद्र शंकर गुप्ता ने शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे सोते समय पत्नी श्याम दुलारी और बेटी पूजा साहू की कथित तौर पर डाटा केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिसकर्मी आरोपी को लेकर घर पहुंचे तो प्रथम तल पर पत्नी और ग्राउंड फ्लोर पर बेटी का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
पत्नी के लापता होने और बेटी के विवाद को लेकर घर में रहता था तनाव
प्रारंभिक पुलिस जांच में परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव रहने की बात सामने आई है। कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक, आरोपी होमगार्ड करीब एक सप्ताह से ड्यूटी पर नहीं जा रहा था। जांच में पता चला कि बड़ी बेटी पूजा के किसी युवक से बातचीत करने को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।
बताया गया कि मृतका श्याम दुलारी अक्टूबर 2025 में घर से गहने लेकर लापता हो गई थीं। पति की शिकायत पर गुमशुदगी का मुकदमा भी दर्ज हुआ था। कुछ दिनों बाद वह घर लौट आईं, लेकिन कथित तौर पर उनके पास गहने नहीं थे। इसके बाद से पति-पत्नी के बीच तनाव और झगड़े बढ़ने की बात सामने आई है। हालांकि, इन परिस्थितियों की हत्या में भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
दो शादियां टूटने के बाद पिता के घर रह रही थी पूजा
परिजनों के मुताबिक, मृतका पूजा साहू की पहली शादी वर्ष 2017 में हुई थी। बाद में तलाक होने पर वर्ष 2022 में उसने दूसरी शादी की, लेकिन वह रिश्ता भी टूट गया। इसके बाद पूजा अपनी पांच वर्षीय बेटी काव्या के साथ पिता के घर पर रह रही थी।
परिवार की अन्य बेटियों में लक्ष्मी की शादी उन्नाव में हुई है, जबकि रूबी गुजरात में रहती है। छोटी बेटी प्रिया अविवाहित है। बेटा विनय अपनी पत्नी के साथ पारा क्षेत्र में किराये के मकान में अलग रहता है।
वारदात से पहले बेटे-बहू को दावत पर बुलाया था
पुलिस के अनुसार, आरोपी होमगार्ड ने गुरुवार को अपने बेटे और बहू को दावत पर घर बुलाया था। दोनों रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद वापस लौट गए थे। उनके जाने के बाद तड़के यह वारदात हुई। घटना के समय छोटी बेटी प्रिया अपनी बड़ी बहन की बच्ची पंचवर्षीय काव्या के साथ निचले तल के दूसरे कमरे में दरवाजा बंद कर सो रही थी।
इंस्पेक्टर प्रद्युम्न सिंह के मुताबिक, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। छोटी बेटी प्रिया की शिकायत पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एक ही घर में पत्नी और बेटी की हत्या की इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। अब पुलिस की जांच का केंद्र हत्या की परिस्थितियां, पारिवारिक विवाद और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.