आशियाना में घर के ऊपरी कमरे में फंदे से लटका मिला युवक, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

लखनऊ :  राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-जी में शुक्रवार दोपहर उस समय परिवार में चीख-पुकार मच गई, जब एक युवक अपने ही मकान के ऊपरी तल पर बने कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। पत्नी खाना लेकर कमरे में पहुंची तो पति को इस हालत में देखकर उसके होश उड़ गए। परिजन आनन-फानन में युवक को फंदे से उतारकर लोकबंधु अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान दीपक कुमार (35) पुत्र राजेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वह आशियाना के सेक्टर-जी में अपने परिवार के साथ रहता था और पेशे से पुताई का काम करता था। शुक्रवार दोपहर वह मकान के ऊपरी तल पर बने कमरे में था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। पत्नी जब खाना लेकर कमरे में पहुंची तो पति को फंदे पर लटका देखकर शोर मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिवार में मृतक की मां सत्यवती, पत्नी ज्योति, एक बेटा और एक बेटी हैं। युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल युवक के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.