17 वर्षीय किशोरी लापता, गांव के युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने गांव के ही एक युवक पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह जताते हुए पुलिस से नामजद शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अलीनगर सुनहरा निवासी महेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय बाबूलाल ने कृष्णानगर पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि बीती 3 अक्टूबर को सुबह करीब नौ बजे उनकी 17 वर्षीय बेटी पायल गौतम घर पर मौजूद थी। परिवार के सदस्य अपने दैनिक कार्यों के सिलसिले में घर से बाहर चले गए। इसी दौरान किशोरी बिना किसी को बताए घर से लापता हो गई।
परिजनों ने किशोरी की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पिता ने गांव अलीनगर सुनहरा निवासी रितेश कश्यप पुत्र राम प्रसाद पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह जताया और गुरुवार को कृष्णानगर कोतवाली में लिखित नामजद शिकायत दर्ज कराई।
कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा लापता किशोरी की तलाश के साथ मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.