कृष्णानगर में प्लॉट के कमरे में पेंटर की हत्या, खून से सनी रॉड और ईंट का गुम्मा बरामद
लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के कन्नौसी गांव में शुक्रवार सुबह एक प्लॉट के अर्धनिर्मित कमरे में पेंटर का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हरदोई निवासी सुखपाल (35) पुत्र रामखेलावन के रूप में हुई है। उसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। मौके से खून से सनी लोहे की रॉड और ईंट का गुम्मा बरामद हुआ है। पुलिस को वारदात के बाद से उसके साथ रहने वाले राजेश रावत की तलाश है।
जानकारी के मुताबिक, कन्नौसी गांव में गोलू पाल का करीब 1500 वर्गफुट का प्लॉट है, जिस पर दो अर्धनिर्मित कमरे बने हुए हैं। इन कमरों में हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र के बहुथा गांव निवासी सुखपाल और उन्नाव जिले के पाटन निवासी राजेश रावत रहते थे।सुखपाल पेंटर का काम करता था, जबकि राजेश मजदूरी करता था।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे सुखपाल कमरे में जमीन पर मृत अवस्था में मिला। उसके दाहिने कान के पास कनपटी पर गंभीर चोटें थीं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ।
शराब पार्टी के दौरान विवाद की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कमरे में रात के समय शराब पार्टी होने और नॉनवेज बनाए जाने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद सुखपाल पर लोहे की रॉड और ईंट के गुम्मे से हमला किया गया। हालांकि, हत्या की असली वजह और वारदात में किसकी भूमिका रही, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
प्लॉट मालिक के मुताबिक, सुखपाल करीब आठ वर्षों से लखनऊ में रहकर पेंटिंग का काम कर रहा था और दो दिन पहले ही अपने गांव से वापस लौटा था। पुलिस के अनुसार, मृतक अविवाहित था। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है।
कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। परिजनों के लखनऊ पहुंचने पर उनकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार संदिग्ध की तलाश में जुटी है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.