घटनाओं की जानकारी समय पर न मिलने पर जताया रोष, सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी
लखनऊ - निगोहां पत्रकारों के हितों, संगठन की मजबूती और पुलिस-प्रेस समन्वय को लेकर शुक्रवार को निगोहां प्रेस क्लब की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में होने वाली घटनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध न कराने पर पत्रकारों ने नाराजगी जताई। पत्रकारों का आरोप है कि कई बार घटना की जानकारी मांगने पर पुलिसकर्मी अनभिज्ञता जताते हैं, जिससे समाचार संकलन में परेशानी होती है।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अगले सप्ताह पुलिस उपायुक्त दक्षिणी से मिलकर मोहनलालगंज सर्किल के थानों में सूचना व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की शिकायत की जाएगी। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि शिकायत के बाद भी सुधार नहीं हुआ तो प्रेस क्लब के सदस्य एकजुट होकर आगे की रणनीति तय करेंगे।बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार बृजराज सिंह ने की। प्रेस क्लब अध्यक्ष विमल सिंह चौहान ने पत्रकारों से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और आपसी एकजुटता बनाए रखने की अपील की। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार ललित दीक्षित ने कहा कि पत्रकारों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर दिया।दिलीप मिश्रा, महामंत्री प्रदीप द्विवेदी समेत अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे। बैठक में पुलिस और प्रेस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पत्रकारों को घटनाओं की अधिकृत जानकारी समय पर उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।इस दौरान अशोक सिंह, प्रमोद सोनी, मोइन खान, उमेश गुप्ता, सुनील त्रिवेदी, शैलेंद्र शुक्ला, मुकेश मिश्रा,ललित दीक्षित, सौरभ सिंह, विजय सिंह, प्रशांत त्रिवेदी, आरिफ मंसूरी, रावेन्द्र सिंह समेत दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।
रिपोर्टर - धीरज तिवारी

No Previous Comments found.