नवरात्रि पर मूर्ति विसर्जन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
लखनऊ - मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के मीनापुर गांव के किनारे से होकर गुजरने वाली सई नदी में जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर नवरात्रि पर्व पर मूर्ति विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान नदी के जलप्रवाह की स्थिति का आकलन किया गया और मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के कुशल निर्देशन में अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह ने मोहनलालगंज के मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सई नदी में बढ़े जलस्तर और तेज जलप्रवाह को ध्यान में रखते हुए विसर्जन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। नदी के किनारे विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके।नवरात्रि के दौरान मूर्ति विसर्जन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर है। सई नदी में बढ़े जलस्तर के कारण विसर्जन स्थल पर अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन के दौरान पूरी सतर्कता बनाए रखें और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से विसर्जन कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद विसर्जन स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रिपोर्टर - धीरज तिवारी

No Previous Comments found.