नवरात्रि में जागरण-गरबा की मर्यादा बनाए रखने की मांग
मोहनलालगंज/लखनऊ : नवरात्रि पर्व के दौरान दक्षिणी जोन क्षेत्र में आयोजित होने वाले जागरण और गरबा कार्यक्रमों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल, अवध प्रांत की ओर से पुलिस उपायुक्त दक्षिणी को ज्ञापन सौंपा गया। शुक्रवार को दिए गए ज्ञापन में आयोजनों के दौरान अश्लीलता, अभद्र व्यवहार और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार पर प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।ज्ञापन में कहा गया है कि जागरण और गरबा भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े आयोजन हैं। इन्हें मनोरंजन के बजाय मां दुर्गा की आराधना और आस्था के पर्व के रूप में आयोजित किया जाना चाहिए। संगठन ने कार्यक्रमों में सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों के प्रवेश को प्राथमिकता देने तथा आयोजनों की धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की मांग उठाई है।
बजरंग दल ने जागरण और गरबा पंडालों में अश्लील गतिविधियों, अभद्र व्यवहार और महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले और आपत्तिजनक गीतों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गई है।ज्ञापन में पुलिस प्रशासन से लखनऊ दक्षिण क्षेत्र में आयोजित होने वाले जागरण और गरबा कार्यक्रमों की आयोजन समितियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग भी की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों और धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की गरिमा बनी रहे।इसके अतिरिक्त संगठन ने मंदिरों के आसपास मांस-मछली की दुकानों को बंद कराने की मांग भी उठाई। ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से आग्रह किया गया है कि निर्धारित मर्यादाओं का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्टर : धीरज तिवारी

No Previous Comments found.