सिसेंडी में चोरों का धावा ई-रिक्शा एजेंसी से चार लाख का माल पार, दो दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा
मोहनलालगंज/लखनऊ : मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी कस्बे में चोरों ने ऊषा इंटरप्राइजेज ई-रिक्शा एजेंसी को निशाना बनाते हुए करीब चार लाख रुपये कीमत का सामान पार कर दिया। चोर एजेंसी की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसे और काउंटर का ताला तोड़कर पांच हजार रुपये नकद समेत ई-रिक्शा और स्कूटी के कीमती उपकरण चोरी कर ले गए। एजेंसी मालिक की शिकायत पर पुलिस ने घटना के करीब दो दिन बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एजेंसी संचालक रविप्रकाश पुत्र ललित किशोर निवासी ग्राम मनोहरापुर, मजरा सुल्सामऊ, थाना मोहनलालगंज के मुताबिक, सात और आठ अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी एजेंसी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दीवार में सेंध लगाकर दुकान के अंदर दाखिल हुए और काउंटर का ताला तोड़कर उसमें रखे पांच हजार रुपये नकद निकाल लिए। इसके बाद चोर छह नए महिंद्रा ऑटो चार्जर, चार ई-रिक्शा बैट्री, एक इन्वर्टर बैट्री, एक अन्य बैट्री, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, ई-रिक्शा की मोटर, चार स्कूटी चार्जर, कंट्रोलर और अन्य स्पेयर पार्ट्स चोरी कर ले गए।एजेंसी मालिक ने चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई है। चोरी की इस वारदात से एजेंसी संचालक को आर्थिक नुकसान हुआ है। चोर अपने साथ सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी ले गए, जिससे घटना से संबंधित रिकॉर्ड की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है।
रिपोर्टर : धीरज

No Previous Comments found.