लखनऊ में पानी में फंसी कई गायें, कुछ की मौत; गौवंश को बचाने के लिए तत्काल मदद की अपील

लखनऊ - राजधानी लखनऊ में प्रेरणा स्थल के पास स्थित कैटल कॉलोनी में कई गायों के पानी में फंसे होने का मामला सामने आया है। अपील के मुताबिक, पानी में फंसने से कुछ गायों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य गायें भूखी-प्यासी हालत में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं। बेजुबान पशुओं की दयनीय स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल सुरक्षित निकालने और चारे-पानी की व्यवस्था कराने की मांग की गई है। समाजसेवी एवं हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप अधिकारी ने उत्तर प्रदेश सरकार, संबंधित प्रशासन, पुलिस विभाग, गौसेवा संगठनों और आमजन से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पानी में फंसे जीवित गौवंश को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ मृत पशुओं का उचित निस्तारण भी कराया जाना जरूरी है। अपील में दावा किया गया है कि गायों के मालिक मौके से चले गए हैं। साथ ही, क्षेत्र नगर निगम की सीमा से बाहर होने के कारण नगर निगम की ओर से सहायता नहीं मिलने की बात भी कही गई है। बताया गया है कि यह इलाका बालागंज क्षेत्र के जोन-6 और मड़ियांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। संदीप अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करें और संबंधित अधिकारियों तथा गौसेवा संस्थाओं तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते बेजुबान पशुओं की जान बचाई जा सके।


 रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.