फर्जी कस्टमर केयर के जाल में फंसी महिला, खाते से उड़ाए 95,001 रुपये

लखनऊ - ऑनलाइन शॉपिंग के रिफंड के लिए कस्टमर केयर नंबर खोजना एक महिला को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने फर्जी कस्टमर केयर बनकर महिला के बैंक खाते से 95,001 रुपये पार कर दिए। पीड़िता की शिकायत पर एसीपी कैंट के आदेश से आशियाना पुलिस ने रविवार को आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आशियाना के सेक्टर-एम निवासी मोनिका हेमकर के अनुसार, बीती 20 अगस्त को उन्होंने ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए एक ड्रेस मंगाई थी, जिसे वापस कर रिफंड लेना था। इसके लिए उन्होंने इंटरनेट पर मिंत्रा का कस्टमर केयर नंबर खोजकर कॉल किया। आरोप है कि कॉल पर बात करने वाले व्यक्ति ने उन्हें एक कोड भेजकर भरने के लिए कहा। जैसे ही उन्होंने कोड भरा, उनके कोटक महिंद्रा बैंक की आशियाना शाखा स्थित खाते से 95,001 रुपये कट गए।

खाते से रकम कटने की जानकारी मिलते ही पीड़िता के होश उड़ गए। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने के साथ स्थानीय आशियाना पुलिस से भी गुहार लगाई। कार्रवाई न होने पर उन्होंने एसीपी कैंट से मदद की मांग करते हुए लिखित शिकायत दी। आशियाना थाना प्रभारी गजेंद्र राय ने बताया कि एसीपी कैंट के आदेश पर रविवार को आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.