मिशन शक्ति (चरण-6) दक्षिणी जोन पुलिस ने निकाली भव्य जागरूकता रैली व पैदल मार्च
लखनऊ : पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ, तरुण गाबा के निर्देशों और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सोमवार (12 अक्टूबर) को 'मिशन शक्ति' अभियान के छठे चरण के तहत दक्षिणी जोन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन के प्रति जनजागरूकता के लिए सोमवार को भव्य जागरूकता रैली व पैदल मार्च का आयोजन किया गया। यह भव्य जागरूकता रैली व पैदल मार्च पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो० मुश्ताक के नेतृत्व में निकाला गया। रैली का शुभारंभ थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित 'बड़ी रोटरी' से हुआ, जो अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए 'छोटी रोटरी' पर जाकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार, दक्षिणी जोन के सभी सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहा।
समाज के हर वर्ग ने निभाई सहभागिता
इस जागरूकता रैली में महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो स्क्वॉड, महिला बीट पुलिसकर्मी, पिंक बूथ और पिंक स्कूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ-साथ क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, संभ्रांत जन, विभिन्न स्कूलों/कॉलेजों के छात्र-छात्राएं तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। Rally के दौरान बैनर व तख्तियों के माध्यम से महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और पुलिस द्वारा प्रदान की जा रही सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
आपातकालीन नंबरों का प्रयोग करने की अपील
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर पुलिस की मदद लें।मौके पर 112 पुलिस आपातकालीन सेवा,1090 वीमेन पावर लाइन,181 महिला हेल्पलाइन,1098 चाइल्ड हेल्पलाइन,1930 साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन हेल्प लाइन नम्बरों के बारे में बिस्तृत जानकारी दी गयी।
सुरक्षित एवं भयमुक्त समाज निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो० मुश्ताक ने बताया कि मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत महिला अपराधों की रोकथाम, पीड़िताओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लगातार जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ दक्षिणी जोन पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त और भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.