डॉ. विवेक मिश्रा बने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के मंडल वरिष्ठ महासचिव
लखनऊ : ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन में संगठनात्मक मजबूती और पत्रकारों के हितों को लेकर गोसाईंगंज में आयोजित समीक्षा बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने डॉ. विवेक मिश्रा को सर्वसम्मति से मंडल वरिष्ठ महासचिव मनोनीत किया। उनके मनोनयन पर संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताते हुए उम्मीद जाहिर की कि उनके अनुभव और सक्रियता से संगठन को मंडल स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने डॉ. विवेक मिश्रा के संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जिला उपाध्यक्ष के पद पर रहते हुए वटवृक्ष की तरह संगठन को मजबूती प्रदान करने का कार्य किया है। उनकी कार्यशैली, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए अब उन्हें मंडल स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. विवेक मिश्रा नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करेंगे और पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संगठन के विस्तार में अहम भूमिका निभाएंगे।समीक्षा बैठक में संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। मंडल अध्यक्ष ने लखनऊ जनपद की सभी तहसीलों में तहसील कार्यकारिणी गठित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए तहसील स्तर पर इकाइयों का गठन आवश्यक है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को संगठन से जोड़कर उनकी समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान कराया जा सके। उन्होंने दिसंबर माह तक सभी तहसीलों में कार्यकारिणी का गठन पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करने की बात कही।उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती उसके सदस्यों की सक्रियता, आपसी समन्वय और एकजुटता पर निर्भर करती है। इसलिए सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पत्रकारों से संपर्क स्थापित कर उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ें और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दें।बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अरविंद प्रताप सिंह ने पत्रकारों की समस्याओं और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के हितों की रक्षा और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है।उन्होंने कहा कि पत्रकारों की मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। पत्रकारों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि पत्रकारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आवागमन में राहत मिलने से उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में मदद मिलेगी।बैठक में संगठन की भावी रणनीति, तहसील स्तर पर कार्यकारिणियों के गठन और पत्रकारों की समस्याओं को एकजुट होकर शासन-प्रशासन तक पहुंचाने पर बल दिया गया। पदाधिकारियों ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और ग्रामीण पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता जताई।
डॉ. विवेक मिश्रा को मंडल वरिष्ठ महासचिव की जिम्मेदारी सौंपे जाने को संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप आगामी दिसंबर तक तहसील कार्यकारिणियों के गठन और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रिपोर्टर : धीरज तिवारी

No Previous Comments found.