राष्ट्रीय जाट महासभा भारत के आह्वान पर चौधरी चरण सिंह पार्क में उमड़ी भीड़
लखनऊ - मेरठ कमिश्नरी स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में मंगलवार को राष्ट्रीय जाट महासभा भारत के आह्वान पर केंद्रीय सेवाओं में जाट आरक्षण की मांग को लेकर एक विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। प्रदर्शन की शुरुआत भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन करने के साथ की गई। धरने की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सचिन सरोहा ने की, जबकि संचालन युवा प्रदेश अध्यक्ष मोहित मलिक द्वारा किया गया।
प्रधानमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन
विशाल प्रदर्शन के उपरांत संगठन के प्रतिनिधियों ने मेरठ के सिटी मजिस्ट्रेट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन की प्रतियां महामहिम राष्ट्रपति, केंद्रीय गृह मंत्री और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष को भी प्रेषित की गईं। सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि संगठन की मांगों और ज्ञापन को संबंधित उच्च प्राधिकारियों तक समय पर पहुंचा दिया जाएगा।
आर्थिक और सामाजिक पिछड़ेपन का दिया हवाला
ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से पुरजोर मांग की गई कि आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से पिछड़े जाट समाज को केंद्रीय पिछड़ा वर्ग (OBC) की सूची में शामिल किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि आरक्षण मिलने से जाट समाज राष्ट्र के विकास में और अधिक प्रभावी और महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगा। सरकार को दिया गया 23 दिसंबर तक का अल्टीमेटम
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कड़े तेवर दिखाते हुए केंद्र सरकार को अल्टीमेटम दिया कि या तो 23 दिसंबर तक सरकार जाट समाज को केंद्रीय सेवाओं में शामिल करने का फैसला ले, अन्यथा इस आंदोलन को देशव्यापी रूप देकर दिल्ली में एक ऐतिहासिक महाआंदोलन किया जाएगा। नेताओं ने दो टूक कहा कि जब तक केंद्र सरकार आरक्षण की मांग पूरी नहीं करती, तब तक समाज का कोई भी व्यक्ति दिल्ली से वापस नहीं लौटेगा।
प्रमुख रूप से इनकी रही उपस्थिति
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मुकेश चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नीलकंठ, उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, राष्ट्रीय सचिव उदयवीर सिंह चहल, मंडल अध्यक्ष भानु सिद्धू, हापुड़ जिला अध्यक्ष नवीन बाना, मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष अनुकूल सिंह, संरक्षक परविंदर सिंह लंबरदार, अमित सूप, प्रदेश सचिव उत्कर्ष तोमर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष कपिल चौधरी, अनुज चौधरी, राजबाला चौधरी, प्रेरणा चौधरी, विधि प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र तोमर, देवव्रत चौधरी, दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष साहिल चौधरी, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष कुन्नी लाल ओला, हिमांशु चौधरी, अंकुर मलिक, विपिन चौधरी, स्वाति नेहरा, मनिंदर मसंद और देव नेहरा सहित बड़ी संख्या में दूर-दराज से पहुंचे जाट समाज के गणमान्य लोग व युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर - चौधरी मुकेश सिंह

No Previous Comments found.