होटल के इंटीरियर के नाम पर 21 लाख रुपये लेने का आरोप, 7 लाख का सामान भी गायब!

लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में होटल के इंटीरियर डेकोरेशन के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी और कीमती सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। कानपुर रोड स्थित होटल इम्पीरियो ग्रैंड प्राइवेट लिमिटेड के ऑपरेशन हेड ने आकांक्षा डेकोरेशन हब की मालिक आकांक्षा पर लाखों रुपये का गबन करने और होटल से कीमती सामान उठवाने का आरोप लगाया है। पुलिस उपायुक्त दक्षिण के आदेश पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सआदतगंज के बावली बाजार निवासी अखिल मिश्रा पुत्र अनिल कुमार मिश्रा के अनुसार, वह सेक्टर-बी, सीपी-16, एल्डिको, कानपुर रोड स्थित होटल में ऑपरेशन हेड के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि होटल के संपूर्ण इंटीरियर डेकोरेशन के लिए आकांक्षा के साथ 23 लाख रुपये का लिखित अनुबंध किया गया था। इसमें से 21 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका था, जबकि दो लाख रुपये शेष थे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि 16 दिसंबर से काम शुरू होने के बावजूद केवल 35 प्रतिशत कार्य ही पूरा किया गया। इसके बाद 21 जनवरी को कथित तौर पर बिना सूचना दिए मजदूरों के माध्यम से डेकोरेशन का सामान और होटल की कीमती वस्तुएं बाहर निकलवा दी गईं।

कई दिनों तक काम बंद रहने पर होटल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। आरोप है कि फुटेज में मजदूर सामान ले जाते दिखाई दिए। आकांक्षा से संपर्क करने पर पहले टालमटोल की गई और बाद में कथित तौर पर रुपये लौटाने तथा काम पूरा करने से इनकार कर दिया गया।

अखिल मिश्रा ने करीब 16 लाख रुपये के गबन और लगभग सात लाख रुपये की कीमती वस्तुएं ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पी.के. सिंह ने बताया कि पुलिस उपायुक्त दक्षिण के आदेश पर आकांक्षा डेकोरेशन हब की मालिक आकांक्षा के खिलाफ अमानत में खयानत और चोरी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.