मिशन शक्ति अभियान के तहत नगराम पुलिस ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
लखनऊ : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान के तहत गुरुवार को नगराम पुलिस ने समेसी स्थित राजनरायन जायसवाल इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छात्र-छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया। पुलिसकर्मियों ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका जरूरत पड़ने पर तत्काल उपयोग किया जा सकता है।कार्यक्रम में पुलिस आपातकालीन सेवा 112, अग्निशमन सेवा 101, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 108, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा 102, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके अलावा छात्र-छात्राओं को महिला हेल्प डेस्क, महिला सुरक्षा केंद्र, पिंक बूथ, पिंक स्कूटी, यूपी कॉप एप और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में बिना डरे पुलिस से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जागरूकता संबंधी पोस्टर भी वितरित किए गए।कार्यक्रम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह, बीट प्रभारी उपनिरीक्षक चंद्रशेखर, उपनिरीक्षक अनुज भाटी, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार, महिला आरक्षी प्रिया सिंह तोमर, महिला आरक्षी स्वाती सिंह और आरक्षी संजय सिंह सहित नगराम थाने की पुलिस टीम मौजूद रही।
रिपोर्टर : धीरज तिवारी

No Previous Comments found.