तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर घायल, 10 दिन बाद मुकदमा दर्ज
लखनऊ - आशियाना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मामले में पीड़ित दंपती के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने घटना के करीब 10 दिन बाद गुरुवार को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के पंडितखेड़ा निवासी शाशांक त्रिपाठी पुत्र अखिलेश चंद त्रिपाठी के मुताबिक, बीती 5 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे उसके माता-पिता कैलाशपुरी, आलमबाग स्थित अपने चाचा के घर बाइक से जा रहे थे। उनकी बाइक का नंबर UP 32 GD 4342 है। आरोप है कि लोकबंधु अस्पताल के पास डिवाइडर के दूसरी तरफ से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की मदद से दोनों को नजदीकी लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। शाशांक के अनुसार, हादसे में उसकी मां के सिर और चेहरे पर चोटें आईं, जबकि पिता के दाहिने हाथ की दो हड्डियां टूट गईं। पीड़ित पक्ष ने घटना की शिकायत आशियाना थाने में की। थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र राय ने बताया कि पीड़ित दंपती के बेटे की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.