लखनऊ के तीन थानों की पुलिस ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
लखनऊ - महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के साथ साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत गुरुवार, 15 अक्टूबर को पश्चिमी जोन के वजीरगंज, चौक और तालकटोरा थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महिला चौपाल, जागरूकता रैली और विद्यालयों में विशेष अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव और अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिमी धनन्जय कुशवाहा के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों में संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने सहभागिता की।
वजीरगंज में महिला चौपाल और जागरूकता रैली
सहायक पुलिस आयुक्त चौक शुभम कुमार एवं थाना प्रभारी वजीरगंज के नेतृत्व में महिला चौपाल और जागरूकता रैली आयोजित की गई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नबीउल्लाह रोड में छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया गया।
चौक में साइबर सुरक्षा का पाठ
थाना चौक पुलिस ने खुन खुन जी इंटर कॉलेज, हनुमान प्रसाद इंटर कॉलेज, राजकीय हुसैनाबाद इंटर कॉलेज और खुन खुन जी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में प्रोजेक्टर के माध्यम से जागरूकता वीडियो दिखाए। विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
तालकटोरा में गुड टच-बैड टच की जानकारी
तालकटोरा पुलिस ने राजाजीपुरम स्थित सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति, स्कूल भ्रमण, एंटी रोमियो स्क्वायड और साइबर जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों को उनके अधिकारों, उपलब्ध सहायता सेवाओं तथा गुड टच-बैड टच के बारे में बताया गया। साथ ही साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय भी समझाए गए।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.