आलमबाग में बंद मकान पर चोरों का धावा! ताला तोड़कर 50 हजार नकदी और सोने-चांदी के जेवरात उड़ाए
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र के छोटा बरहा इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर हजारों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर लिए। चोर मकान के अंदर कमरों के ताले तोड़कर सामान खंगालते रहे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटा बरहा निवासी विमलेश कुमारी पत्नी विनोद आर्या अपने बेटे के दाखिले के बाद उसके साथ नोएडा चली गई थीं। उनके साथ मकान में रहने वाले उनके भाई रवीन्द्र प्रताप सिंह भी 10 सितंबर 2026 को अपने पैतृक गांव इटावा चले गए थे। इसके चलते मकान काफी समय से बंद था।
शिकायत के मुताबिक, 11 अक्टूबर को जब रवीन्द्र प्रताप सिंह वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला बंद मिला, लेकिन घर के अंदर कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। ऊपरी मंजिल के कमरे का ताला भी टूटा मिला। जांच करने पर करीब 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले।
मकान लगभग एक महीने से बंद होने के कारण चोरी की वारदात किस दिन और किस समय हुई, इसका सटीक पता नहीं चल सका है। आलमबाग थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आलमबाग पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच के साथ अज्ञात चोरों का पता लगाने में जुटी है।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.