नगराम में बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का रोमांच, नन्हे खिलाड़ियों ने मेडल की दौड़ में दिखाया दम
मोहनलालगंज,लखनऊ : मोहनलालगंज विकासखंड क्षेत्र के नगराम स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद एवं बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी और खो-खो सहित विभिन्न खेलों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का परिचय दिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। मैदान में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी मेहनत और लगन के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।प्राथमिक स्तर की बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय गढ़ा के धीरज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय भजाखेड़ा के नैतिक प्रथम रहे, जबकि 200 मीटर दौड़ में भी प्राथमिक विद्यालय गढ़ा के धीरज ने पहला स्थान हासिल किया। लंबी कूद में प्राथमिक विद्यालय नवीनगर के प्रियांशु ने बाजी मारी। वहीं, कबड्डी प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय गढ़ा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय भजाखेड़ा की नैशी प्रथम रहीं। 100 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय सुखलालखेड़ा की सृष्टि ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि 200 मीटर दौड़ में एक बार फिर नैशी ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लंबी कूद में बेसिक विद्यालय अमवा मुर्तजापुर की रागिनी प्रथम रहीं। बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय उर्दू मीडियम नगराम की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जूनियर स्तर पर भी खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
जूनियर स्तर की बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगराम के करन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में इसी विद्यालय के अरमान ने पहला स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में बेसिक विद्यालय अमवा मुर्तजापुर के साहिल प्रथम रहे।
लंबी कूद और ऊंची कूद दोनों प्रतियोगिताओं में पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगराम के अरमान ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कबड्डी प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय गढ़ा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
जूनियर स्तर की बालिका वर्ग की 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में बेसिक विद्यालय अमवा मुर्तजापुर की विभा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ और लंबी कूद में इसी विद्यालय की शेहजल ने पहला स्थान हासिल किया। ऊंची कूद प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय गढ़ा की साबिया प्रथम रहीं। वहीं, बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगराम की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गढ़ा और अमवा मुर्तजापुर को मिली ओवरऑल चैंपियनशिप
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्राथमिक स्तर की ओवरऑल चैंपियनशिप प्राथमिक विद्यालय गढ़ा को प्रदान की गई, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर की ओवरऑल चैंपियनशिप बेसिक विद्यालय अमवा मुर्तजापुर के नाम रही। विभिन्न स्पर्धाओं में बच्चों के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को रोचक बना दिया।कार्यक्रम का आयोजन शैलेंद्र वर्मा एवं नोडल संकुल शिक्षक सुबोध कुमार के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।इस अवसर पर मनोज शुक्ला, संजीत, रामरूप, राहुल, सुधा सैनी, सुमन देवी, हरविलास, अजीत सिंह, प्रीती तिवारी, सीमा यादव, अभिलाषा जैन, सुनील कलानी, प्रवेंद्र यादव, अम्मार अली, महेंद्र त्रिपाठी, रंजीत कुमार, लक्ष्मी गुप्ता, हिना रावत, रचना मौर्य, रूपम गौड़, गौरव सिंह, प्रतिभा वर्मा, जितेंद्र, बीना, दीप जायसवाल, आख्या मिश्रा, शालिनी वर्मा, राजेश शर्मा और मधुसूदन त्रिवेदी सहित अन्य शिक्षक तथा बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।
अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर भागीदारी के लिए प्रेरित किया। पुरस्कार वितरण के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ।
रिपोर्टर : धीरज

No Previous Comments found.