आलमबाग में बंद मकान के ताले तोड़कर चोरी, 50 हजार नकदी और कीमती जेवर पार
लखनऊ : आलमबाग कोतवाली क्षेत्र के छोटा बरहा में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए 50 हजार रुपये नकद और कीमती जेवर चोरी कर लिए। घर लौटने पर परिजनों को मकान के अंदर कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़िता की तहरीर पर आलमबाग पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद की रहने वाली विमलेश कुमारी पत्नी विनोद आर्या आलमबाग के छोटा बरहा में अपने परिवार के साथ रहती हैं। उनके साथ उनके भाई रविन्द्र प्रताप भी रहते हैं, जो सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा क्षेत्र के भीमनगर के निवासी हैं।
पीड़िता के मुताबिक, बेटे का नोएडा में दाखिला होने के बाद वह बीते 19 अगस्त को उसके साथ रहने के लिए नोएडा चली गई थीं। इस दौरान उनके भाई घर पर ही रह रहे थे। बीते 10 सितंबर को भाई भी अपने पैतृक घर इटवा चले गए।
11 अक्टूबर को जब वह वापस लखनऊ स्थित मकान पर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला बंद मिला, लेकिन अंदर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। मकान के ऊपरी हिस्से में स्थित कमरे का ताला भी टूटा मिला। घर में चोरी होने की जानकारी उन्होंने फोन पर अपनी बहन को दी।
सूचना मिलने पर नोएडा से लखनऊ पहुंचीं विमलेश कुमारी ने आलमबाग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, घर में चोरी कब हुई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। चोर मकान में रखे 50 हजार रुपये नकद और कीमती जेवर लेकर फरार हो गए।
आलमबाग प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर शुक्रवार को चोरी की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.