पीजीआई में भीषण सड़क हादसा, रायबरेली के युवक की मौत, चार घायल

लखनऊ :  पीजीआई थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में रायबरेली निवासी 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि कार सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा ओमेक्स कट के आगे उस समय हुआ, जब रायबरेली से लखनऊ की ओर आ रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पीजीआई पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2026 की रात करीब एक बजे वाहन संख्या UP 72 BX 5007 के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। कार में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में घायल उत्कर्ष पाण्डेय पुत्र मनोज पाण्डेय (26) को ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतक और घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, अन्य चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन अपने साथ ले गए। उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है। मृतक समेत सभी पांचों लोग रायबरेली जनपद के निवासी थे।

पीजीआई पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

 

 रिपोर्टर :  राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.