संगीत और नृत्य के संगम ने बांधा समां; प्रतियोगिताओं, आकर्षक पुरस्कारों और लकी ड्रॉ ने बढ़ाया उत्साह
लखनऊ - एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित भव्य डांडिया नाइट में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस रंगारंग आयोजन में 3,200 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। संगीत की मधुर धुनों और तालबद्ध नृत्य ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय एमएलसी श्री पवन सिंह चौहान एवं वाइस चेयरपर्सन श्रीमती निर्मला सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर वाइस चेयरमैन श्री पीयूष सिंह चौहान, वाइस चेयरपर्सन श्रीमती सुष्मिता सिंह चौहान, संस्थान के सभी निदेशक, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। डांडिया नाइट के दौरान विभिन्न विभागों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी नृत्य प्रतिभा, रचनात्मकता और सामूहिक समन्वय का शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने विभागीय डांडिया टीमों का मूल्यांकन टीम के समन्वय, पारंपरिक परिधान एवं आभूषणों, समग्र व्यक्तित्व एवं प्रस्तुति, ऊर्जा, नृत्य कौशल, रचनात्मकता और निर्धारित थीम के अनुपालन जैसे मानदंडों के आधार पर किया। प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन और उनकी प्रतिभा को सम्मानित करने के लिए ‘बेस्ट डांडिया ग्रुप’ और ‘बेस्ट अटायर’ जैसी श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। इन प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम को और अधिक रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक बना दिया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण लकी कूपन ड्रॉ रहा, जिसका आयोजन घोषित नियमों के अधीन पात्र प्रतिभागी विद्यार्थियों के लिए किया गया। लकी ड्रॉ के दौरान विजेताओं के नामों की घोषणा ने विद्यार्थियों के बीच उत्सुकता और रोमांच का माहौल बना दिया। विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप सोनी हेडफोन, जेबीएल स्पीकर एवं साउंड सिस्टम, जेबीएल ईयरबड्स और वाइल्डक्राफ्ट एयरपोर्ट ट्रॉली बैग प्रदान किए गए। आकर्षक पुरस्कारों ने आयोजन की रौनक बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के उत्साह को भी नई ऊंचाई दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति अपनी रुचि प्रदर्शित की। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट, पारंपरिक परिधान और संगीत ने पूरे परिसर को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के अवसर प्रदान करना, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा आपसी सहयोग, सौहार्द और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना रहा।
एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर संस्थान के वाइस चेयरमैन श्री पीयूष सिंह चौहान ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आयोजन समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी सदस्यों के समर्पण, सहयोग और मेहनत की सराहना करते हुए समस्त संस्थान परिवार को महानवमी एवं दशहरा के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने त्योहारों के इस शुभ अवसर पर सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

No Previous Comments found.