हसनगंज में आईटी कंपनी के कर्मचारी ने की आत्महत्या, पिता कैंसर से पीड़ित
लखनऊ - हसनगंज थाना क्षेत्र के डालीगंज स्थित मुकारिम नगर में शनिवार को एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की। मृतक की पहचान रोमिल चौधरी (30) पुत्र रमेश चंद चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रोमिल चौधरी अपने निवास पर फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह दिल्ली स्थित एक आईटी कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले उसकी मां का निधन हो गया था, जबकि उसके पिता लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक परिस्थितियों के चलते युवक के मानसिक अवसाद में होने की बात सामने आई है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.