मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को बाल विवाह और साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक
नगराम/लखनऊ : मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत रविवार को नगराम पुलिस ने शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन ग्राम इच्छाखेड़ा में जागरूकता अभियान चलाया। थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिलाओं और ग्रामीणों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने, साइबर अपराधों से बचने तथा महिला सुरक्षा से संबंधित सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया। इनमें पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, अग्निशमन सेवा 101 और एंबुलेंस सेवा 108 व 102 शामिल हैं। साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई।
पुलिस टीम ने महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, पिंक बूथ, पिंक स्कूटी और यूपी कॉप एप के बारे में जानकारी देते हुए जागरूकता पोस्टर वितरित किए। ग्रामीणों को बताया गया कि साइबर ठगी से बचने के लिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचें।थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, उन्हें उनके अधिकारों की जानकारी देना और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना चाहिए। साथ ही साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता बरतना जरूरी है। किसी भी आपात स्थिति या साइबर ठगी की घटना में संबंधित हेल्पलाइन पर तत्काल सूचना दें।इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षक अल्पा कटियार साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक चंद्रशेखर, अनुज श्री भाटी सीसी टीम प्रभारी रजनीश कुमार, हिमांशु पांडेय सहित मिशन शक्ति टीम की महिला आरक्षी स्वाती सिंह, सुमन और आरक्षी संजय चौहान मौजूद रहे।
रिपोर्टर : धीरज

No Previous Comments found.