संत निरंकारी भवन के पास तेज रफ्तार बुलेट ने युवती को मारी टक्कर, सिर में चोट और कूल्हे की हड्डी टूटी
लखनऊ : आलमबाग के मानक नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगार नगर में तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने सड़क पार कर रही एक युवती को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में युवती के सिर में गंभीर चोट आई है और कूल्हे की हड्डी टूट गई है। घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि स्थानीय लोगों ने पीछे बैठे दूसरे युवक को मौके पर दबोच लिया। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ऑफिस से घर लौटते समय हुआ हादसा
मूल रूप से जिला मुरादाबाद के थाना भोजपुर अंतर्गत ग्राम गूंगा नगला के रहने वाले राहुल कुमार वर्तमान में आलमबाग के चंदर नगर में अपने परिवार के साथ रहते हैं। राहुल के अनुसार, बीते 15 अक्टूबर को उनकी बहन श्वेता सिंह अपने ऑफिस से काम खत्म कर घर वापस लौट रही थीं। शाम करीब 7:45 बजे जब वह मानक नगर थाना क्षेत्र स्थित सिंगार नगर मेट्रो स्टेशन के पास संत निरंकारी भवन के नजदीक पैदल सड़क पार कर रही थीं, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्वेता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
एक आरोपी पकड़ा गया, अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद मुख्य बुलेट चालक अपनी बाइक समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा, लेकिन बाइक पर सवार दूसरे व्यक्ति को वहां मौजूद सतर्क लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने पीड़िता के मोबाइल फोन से उसके भाई राहुल को दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही राहुल मौके पर पहुंचे और अपनी घायल बहन को तुरंत इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि श्वेता के सिर में गंभीर चोट आई है और कूल्हे की हड्डी टूट गई है, जिसके चलते उनका ऑपरेशन किया जाना है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद बहन का प्राथमिक उपचार कराने के बाद भाई राहुल ने स्थानीय मानक नगर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की लिखित तहरीर दी। मामले की जानकारी देते हुए मानक नगर थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौके पर पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है और फरार बुलेट चालक की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.