कृष्णानगर में निर्माण कार्य के विवाद में रिटायर्ड दरोगा और उनकी पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला, मुकदमा दर्ज

 लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के पंडित खेड़ा इलाके में घर के पास सड़क पर निर्माण सामग्री व मजदूरों के खड़े होने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) उपनिरीक्षक और उनकी पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 रास्ता मांगने पर भड़के पड़ोसी 

कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के पंडित खेड़ा स्थित जयपुरिया स्कूल के पास अपने परिवार के साथ रहने वाले सुरेंद्र सिंह पुलिस विभाग से रिटायर्ड उपनिरीक्षक (दरोगा) हैं। उनके पड़ोस में रहने वाले आशीष द्विवेदी अपने मकान का निर्माण करवा रहे हैं।
पीड़ित के अनुसार, शनिवार की शाम करीब 6:30 बजे वह बाजार से घरेलू सामान लेकर अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में आशीष के मजदूर सड़क घेरकर खड़े थे। जब रिटायर्ड दरोगा ने मजदूरों से रास्ता छोड़कर थोड़ा साइड में खड़े होने के लिए कहा, तो इसी बात पर पड़ोसी आशीष द्विवेदी और उनकी पत्नी आग बबूला हो गए।

 लाठी-डंडों से की गई पिटाई 

आरोप है कि मामूली सी बात पर गुस्साए पड़ोसी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर रिटायर्ड दरोगा और बीच-बचाव में आई उनकी पत्नी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।

 पुलिस की कार्रवाई 

मामले को लेकर कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि पीड़ित रिटायर्ड दरोगा की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.