जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा शारदा नगर! नन्हे कलाकारों ने रामलीला से मोहा मन, धू-धू कर जला रावण
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के रजनी खंड, शारदा नगर में विजयादशमी के अवसर पर रामलीला मंचन के साथ रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीराम की लीला का शानदार मंचन कर क्षेत्रवासियों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आकर्षक अभिनय देखकर उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। रामलीला के मंच पर भगवान श्रीराम की वानर सेना और रावण की राक्षसी सेना के बीच हुए भीषण युद्ध का दृश्य देखकर दर्शक भाव-विभोर हो गए। युद्ध के दौरान अच्छाई और बुराई के संघर्ष को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। जैसे ही भगवान श्रीराम ने रावण का संहार किया, पूरा पार्क ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद क्षेत्रवासियों ने उत्साह और उल्लास के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
आयोजन ने लोगों को सत्य की असत्य पर विजय और अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने रामलीला को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के संजय यादव, गोपाल मिश्रा, सरदार बग्गा, चरणजीत सिंह बग्गा, एसके मिश्रा, ज्ञान सिंह, राजन सिंह, संजीव यादव, अमित यादव, राजू केसरवानी और अनुराग अवस्थी सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.