परसपुर ठट्ठा में विशाल दंगल का आयोजन, शमशेर ने आखिरी कुश्ती जीतकर लहराया परचम
मोहनलालगंज, लखनऊ : मोहनलालगंज विकासखंड क्षेत्र के परसपुर ठट्ठा गांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेले और विशाल दंगल का भव्य आयोजन किया गया। दंगल में दूरदराज के क्षेत्रों से आए पहलवानों के साथ ही स्थानीय पहलवानों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने दमखम व कुश्ती के दांव-पेचों का प्रदर्शन किया। पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों की भीड़ जुटी रही। दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अमित तिवारी महाराज का आयोजकों और ग्रामीणों ने स्वागत एवं सम्मान किया। इस मौके पर समाज सेवी अभिषेक शुक्ला आंसू, जीएल गौतम, चंद्र आशुतोष चंद्र विनोद साहू मनोज कश्यप सूरज तिवारी प्रधान प्रेतिनिधि माता दीन गौतम शक्ति तिवारी श्यामू सिंह सहित अन्य अतिथि भी मौजूद रहे। अतिथियों ने पहलवानों का उत्साह बढ़ाया और ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजनों को खेल एवं पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने वाला बताया।दंगल का आयोजन ग्राम प्रधान श्रीमती राजवती के मुख्य आयोजन में किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्रीय और गैर जनपदों से आए पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच देखकर दर्शक रोमांचित होते रहे। मुकाबलों के दौरान दर्शकों की भीड़ लगातार पहलवानों का हौसला बढ़ाती रही।दंगल का सबसे रोमांचक मुकाबला आखिरी कुश्ती रही, जो शमशेर भावाखेड़ा और जयनेन्द्र लालगंज के बीच खेली गई। दोनों पहलवानों ने जीत के लिए पूरी ताकत लगाई और अखाड़े में शानदार प्रदर्शन किया। इस मुकाबले को देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा। अंततः शमशेर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और दंगल के विजेता बने। आखिरी कुश्ती के लिए दो हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई थी।मेले और दंगल के सफल आयोजन से गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। इस आयोजन ने ग्रामीणों को मनोरंजन का अवसर देने के साथ ही पारंपरिक कुश्ती कला को देखने और उसे प्रोत्साहित करने का मौका भी दिया।
रिपोर्टर : धीरज

No Previous Comments found.