निगोहां में 52 फीट ऊंचे रावण का दहन, मुस्लिम युवकों ने निभाया रामलीला में किरदार, दिखी हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल
निगोहां : निगोहां कस्बे का दशकों पुराना ऐतिहासिक बाल दशहरा मेला मंगलवार देर रात 52 फीट ऊंचे रावण के दहन और जवाबी आतिशबाजी के साथ संपन्न हो गया।
एक दिवसीय मेले का शुभारंभ एसीपी मोहनलालगंज आर.के. सिंह, एसओ निगोहां रविन्द्र कुमार कनौजिया और मेला कमेटी अध्यक्ष संजीव शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भगवान राम की भव्य महाआरती हुई।
आरती के बाद रामलीला का मंचन हुआ, जिसमें सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। मुस्लिम समुदाय के युवक उस्मान ने विभीषण का किरदार बखूबी निभाया, जबकि भगवान राम की भूमिका में हिंदू समुदाय के अमित गुप्ता रहे। स्थानीय हिंदू-मुस्लिम युवाओं द्वारा की गई इस रामलीला की सभी ने सराहना की।रामलीला के समापन के बाद 52 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। दहन के बाद कई जिलों के आतिशबाजों द्वारा जवाबी आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया, इसके बाद कानपुर की मशहूर रमपत की नौटंकी और रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मेला प्रांगण में 25 सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी गई। मेले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पीएसी बल सहित कई थानों की पुलिस तैनात रही और कंट्रोल रूम से पूरे मेले की गतिविधियों पर नजर रखी गई। मेले में लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव समेत सीमावर्ती जनपदों से आए व्यापारियों ने दुकानें लगाई और भारी संख्या में मेलार्थी शामिल हुए।
रिपोर्टर : धीरज

No Previous Comments found.