फैजुल्लागंज के बाढ़ पीड़ितों के लिए सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में राशन किट रवाना, 10 हजार परिवारों तक पहुंचेगी राहत
लखनऊ : फैजुल्लागंज में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से देश के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद श्री राजनाथ सिंह की प्रेरणा से राशन वितरण अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा एवं रक्षामंत्री के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) श्री के.पी. सिंह की मौजूदगी में महर्षि विद्या मंदिर से राशन किट से लदे हुए सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रवाना किया गया। राशन किट अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं।
उल्लेखनीय है कि रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद श्री राजनाथ सिंह ने पिछले दिनों फैजुल्लागंज में दौरा किये जाने के उपरांत यहां के 10 हजार परिवारों को राशन उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के क्रम में आज न्यू दाउदनगर, वैष्णवीपुरम, पीली कॉलोनी, दुर्गापुरी, नंदपुरम, कृष्ण लोक सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित कॉलोनियों में राशन किट का वितरण किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद परिवारों को इस कठिन समय में आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। राशन किट में आटा, चावल, अरहर की दाल, सरसों का तेल, चीनी, अचार, मसाला, आलू, नमक,प्याज समेत अन्य कई आवश्यक सामग्री शामिल है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। इसके लिए हमारे कार्यकर्ता सेवा भाव से जुटे हुए है। उन्होंने कहा कि माननीय रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह का स्पष्ट मानना है कि संकट की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता करना और उनके साथ मजबूती से खड़े रहना हमारा दायित्व है। जनसेवा और जरूरतमंदों की मदद के संकल्प के साथ राहत कार्य लगातार जारी हैं।
राहत सामग्री रवाना किए जाने के अवसर पर रक्षामंत्री के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह, विनोद बाजपेयी, मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र मौर्य, पार्षद श्रीमती रश्मि सिंह, प्रदीप शुक्ला, अंकुश बाजपेयी, विजय सिंह, राम शरण सिंह, सुनील सिंह, कृपा शंकर मिश्रा, लवकेश सिंह, अनुराग साहू, प्रवीन गर्ग, श्रेया निगम, सौरभ मिश्रा, दिव्यांशी शुक्ला, पुनीत शुक्ला सतीश वर्मा एवं सौरभ मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

No Previous Comments found.