मोबाइल चोरी के बाद साइबर ठगी, दो बैंक खातों से 1.26 लाख रुपये पार; मुकदमा दर्ज

लखनऊ : राजधानी लखनऊ में मोबाइल चोरी के बाद साइबर ठगी का मामला सामने आया है। कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने पहले एक व्यक्ति का मोबाइल फोन चोरी किया और फिर उसके दो बैंक खातों से कुल 1,26,698 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल पर शिकायत कर सिम भी लॉक करा दिया था। इसके बावजूद खाते से रकम निकलने के मामले ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र की सेक्टर-डी एलडीए कॉलोनी निवासी राम अवतार गुप्ता पुत्र स्वर्गीय मनोहर लाल गुप्ता का मोबाइल अवध अस्पताल के पास से चोरी हो गया था। पीड़ित ने बीते 28 सितंबर को ई-एफआईआर दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल पर भी शिकायत की थी। इसके बाद उन्होंने मोबाइल का सिम लॉक करा दिया था।

आरोप है कि इसके बावजूद 1 अक्टूबर को उनके बैंक खातों से संदिग्ध तरीके से रकम निकाल ली गई। पीड़ित के अनुसार, एक खाते से 80,599 रुपये और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के खाते से 46,099 रुपये निकाल लिए गए। दोनों खातों से कुल 1,26,698 रुपये की चपत लगने की जानकारी मिलने पर पीड़ित के होश उड़ गए।

इसके बाद उन्होंने बैंक खातों को बंद कराने के साथ साइबर सेल और कृष्णानगर कोतवाली पुलिस से लिखित शिकायत की। कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी पी.के. सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर गुरुवार को आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और रकम निकालने वाले अज्ञात व्यक्ति का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.