साइबर ठगों का 20 मिनट में बड़ा खेल! चार ट्रांजेक्शन कर खाते से उड़ाए 91,599 रुपय
लखनऊ : राजधानी लखनऊ में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला आशियाना थाना क्षेत्र का है, जहां साइबर ठगों ने महज 20 मिनट के भीतर चार ट्रांजेक्शन कर एक खाताधारक के बैंक खाते से 91,599 रुपये निकाल लिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद स्थानीय पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, आशियाना थाना क्षेत्र के आम्रपाली विहार, रजनीखंड, शारदा नगर निवासी सुक्खू राम पुत्र फेकन राम यादव का पंजाब नेशनल बैंक की आशियाना शाखा में खाता है। पीड़ित के अनुसार, बीते 15 अक्टूबर को शाम छह बजे से 6:20 बजे के बीच उनके खाते से चार अवैध ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 91,599 रुपये निकाल लिए गए। महज 20 मिनट के भीतर खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही पीड़ित के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद आशियाना थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। आशियाना थाना प्रभारी गजेंद्र राय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर गुरुवार को आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.