ताला मिस्त्री बनकर घर में घुसे शातिर चोर! अलमारी से नकदी और सोने की अंगूठी लेकर फरार

लखनऊ : राजधानी लखनऊ में शातिर चोरों ने चोरी का नया तरीका अपनाते हुए ताला मिस्त्री का भेष बनाया और घर में घुसकर वारदात को अंजाम दे दिया। कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के विनय नगर में ताला ठीक करने के बहाने घर पहुंचे दो संदिग्ध अलमारी से नौ हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, दोनों संदिग्धों की तस्वीरें पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, विनय नगर निवासी राम पुत्र स्वर्गीय कुंवर बहादुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते 27 सितंबर को दोपहर करीब 12:35 से 2:40 बजे के बीच दो व्यक्ति गली में घूमकर ताला ठीक कराने की आवाज लगा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी अलमारी का ताला ठीक कराने के लिए दोनों को घर बुला लिया।

आरोप है कि ताला ठीक करने के दौरान दोनों व्यक्तियों ने ताला और खराब कर दिया। इसके बाद वे बार-बार पानी मंगवाते रहे। कुछ देर बाद नया ताला लाने की बात कहकर दोनों घर से निकल गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो पीड़ित ने अलमारी की जांच की। उसमें रखे नौ हजार रुपये नकद और सोने की एक अंगूठी गायब मिली।

घटना की जानकारी पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। उनका कहना है कि पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों संदिग्धों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने फुटेज और तस्वीरें पुलिस को सौंपने के साथ ई-एफआईआर भी दर्ज कराई थी, लेकिन हस्ताक्षरित प्रार्थना पत्र न होने के कारण ई-एफआईआर निरस्त हो गई। इसके बाद उन्होंने कृष्णानगर कोतवाली में लिखित शिकायत दी।

कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी पी.के. सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर गुरुवार को चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।


 रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.