मिशन शक्ति 6.0: विकासनगर पुलिस ने छात्राओं को सिखाए सुरक्षा के गुर, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

लखनऊ :  महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण को लेकर लखनऊ पुलिस का मिशन शक्ति अभियान जारी है। इसी क्रम में शनिवार, 24 अक्टूबर को विकासनगर थाना पुलिस की ओर से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, उनके अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. अमोल मुरकुट के पर्यवेक्षण और विकासनगर थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान एडीसीपी पूर्वी डॉ. अमोल मुरकुट ने बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्राओं को किसी भी विषम परिस्थिति में घबराने के बजाय साहस और सूझबूझ से काम लेने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। इसके साथ ही गुड टच-बैड टच, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और साइबर सुरक्षा के जरूरी उपायों के बारे में भी समझाया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका पुलिस टीम ने जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ सुरक्षित, आत्मनिर्भर और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने में जनसहभागिता बढ़ाना है।

 रिपोर्टर :  राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.