UPSSSC PET-2026 परीक्षा को लेकर लखनऊ पुलिस अलर्ट, 45 परीक्षा केंद्रों पर 317 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान
लखनऊ : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। राजधानी में 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए कुल 45 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 1,14,912 अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा, गोपनीयता, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए कुल 317 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, परीक्षा तीन तिथियों में दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं।
45 परीक्षा केंद्रों पर तैनात रहेगा पुलिस बल
परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात 317 पुलिसकर्मियों में 45 उपनिरीक्षक, 90 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 90 महिला आरक्षी और गोपनीय सामग्री की सुरक्षा के लिए 92 सशस्त्र पुलिसकर्मी शामिल हैं। निर्धारित व्यवस्था के तहत प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, दो मुख्य आरक्षी या आरक्षी तथा दो महिला आरक्षी तैनात रहेंगे।
पुलिस के अनुसार, सभी संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
मोबाइल और स्मार्टवॉच समेत प्रतिबंधित सामग्री पर रोक
परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, आईटी गैजेट्स और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में साइबर कैफे, फोटो कॉपी की दुकानें और पीसीओ बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा परीक्षा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी।
पुलिस की सोशल मीडिया सेल सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे निगरानी रखेगी, ताकि परीक्षा से संबंधित भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर नजर रखी जा सके।
रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्रों तक यातायात पर नजर
परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष योजना बनाई गई है। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, टैक्सी स्टैंड और परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
संबंधित यातायात निरीक्षकों को परीक्षा से एक दिन पहले केंद्रों और आसपास के मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना प्रभारी परीक्षा के दिन सुबह सात बजे से परीक्षा समाप्त होने तक अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे। आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए यूपी-112 की गाड़ियां भी परीक्षा केंद्रों के नजदीक तैनात रहेंगी।
महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पिंक पेट्रोल, यूपी-112 और एंटी रोमियो स्क्वॉड को सतर्क रहकर भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्यूटी से तीन घंटे पहले पहुंचेंगे पुलिसकर्मी
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को परीक्षा शुरू होने से तीन घंटे पहले अपने निर्धारित केंद्र पर पहुंचना होगा। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विभागीय पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य किया गया है। साथ ही अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लखनऊ पुलिस ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें, निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस के अनुसार, परीक्षा की सुरक्षा, निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.