बेटे की हत्या के केस की पैरवी छोड़ने का दबाव! पिता को व्हाट्सऐप कॉल पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
लखनऊ : बेटे की हत्या के मामले में न्याय की लड़ाई लड़ रहे पिता ने एक महिला पर व्हाट्सऐप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि महिला ने खुद को अधिवक्ता साक्षी शुक्ला बताते हुए बेटे की हत्या के आरोपियों की पैरवी बंद करने और हाईकोर्ट में दाखिल क्रिमिनल अपील वापस लेने का दबाव बनाया। मामले में उच्चाधिकारियों के आदेश पर आशियाना पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आशियाना थाना क्षेत्र के भदरुख, बंगला बाजार निवासी अशोक कुमार शुक्ला के मुताबिक, बीती 3 और 4 जुलाई को उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल आई थी। कॉल करने वाली महिला ने अपना परिचय साक्षी शुक्ला एडवोकेट के रूप में दिया। आरोप है कि महिला ने उनसे अन्नू द्विवेदी उर्फ शिवम और सुजल सिंह के मामले की पैरवी बंद करने तथा नवीन चंद्र द्विवेदी के खिलाफ हाईकोर्ट में दाखिल क्रिमिनल अपील वापस लेने को कहा। इसके बदले उनसे पूछा गया कि इसके लिए उन्हें कितने पैसे चाहिए।
पैसे लेने से इनकार किया तो दी हत्या की धमकी
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने पैसे लेने से इनकार कर दिया, तो कॉल करने वाली महिला ने धमकी देते हुए कहा कि वह जानते हैं कि आरोपी कितने खतरनाक हैं। जिस तरह उनके बेटे की हत्या की गई, उसी तरह उनकी भी हत्या कर दी जाएगी। महिला ने खुद को आरोपियों की वकील बताया।
अशोक कुमार शुक्ला का कहना है कि उनके बेटे की हत्या का मामला गंभीर है और आरोपियों के प्रभावशाली होने के कारण उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका है। उन्हें डर है कि उन्हें साजिश के तहत झूठे मुकदमे में फंसाया जा सकता है या उनकी हत्या कराई जा सकती है।
पहले भी अधिकारियों से लगाई थी गुहार
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने इस मामले में 7 जुलाई और 6 अक्टूबर को भी उच्चाधिकारियों को पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की थी। अब पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की है।
आशियाना थाना प्रभारी गजेंद्र राय ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर शनिवार को पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित मोबाइल नंबर और नाम के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.