डॉक्टर का WhatsApp हैक कर मेडिकल कारोबारी से 90 हजार की ठगी, मुकदमा दर्ज

लखनऊ : राजधानी लखनऊ में साइबर जालसाजों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए एक डॉक्टर का WhatsApp हैक कर मेडिकल सर्जिकल सामान के व्यापारी से 90 हजार रुपये ठग लिए। जालसाजों ने डॉक्टर के नंबर से इमरजेंसी का हवाला देकर रुपये मांगे। व्यापारिक संबंधों के चलते व्यापारी ने बिना देर किए रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में डॉक्टर से मुलाकात होने पर ठगी का खुलासा हुआ। पीड़ित की शिकायत पर आलमबाग पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आलमबाग कोतवाली क्षेत्र के ओम नगर निवासी अंकित मिश्रा पुत्र देवेश मिश्रा मेडिकल सर्जिकल सामान की सप्लाई का काम करते हैं। उनके अनुसार, उनकी पत्नी सरिता मिश्रा का एसबीआई की एपी सेन रोड शाखा में बैंक खाता है, जिसका संचालन वह स्वयं करते हैं।

आरोप है कि बीते 10 सितंबर को दोपहर करीब 3:35 बजे उनके मोबाइल पर डॉक्टर विनीत अग्रवाल के नंबर से WhatsApp मैसेज आया। मैसेज में इमरजेंसी बताते हुए तत्काल रुपये भेजने की मांग की गई थी। डॉक्टर से व्यावसायिक संबंध होने के कारण अंकित ने भरोसा कर पत्नी के बैंक खाते से बताए गए दूसरे नंबर पर 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

शाम करीब 5:30 बजे जब अंकित डॉक्टर विनीत अग्रवाल से मिलने पहुंचे, तो पता चला कि उनका फोन हैक कर लिया गया था और उन्होंने रुपये मांगने के लिए कोई मैसेज नहीं भेजा था। इसके बाद पीड़ित को साइबर ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने के साथ आलमबाग कोतवाली में लिखित तहरीर दी।

आलमबाग कोतवाली प्रभारी बृजेश त्रिपाठी के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत पर सोमवार को आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.